
लालकुआं और बिन्दुखत्ता में अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी, राॅय क्लीनिक पर ठोंका 50,000 का जुर्माना
लालकुआं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं औषधि विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से लालकुआं और बिन्दुखत्ता क्षेत्र में स्थित क्लीनिकों एवं मेडिकल स्टोरों में छापेमारी की गई। इस दौरान एक क्लीनिक अवैध रूप से पाया गया, जिसको तत्काल बंद करते हुए उक्त क्लीनिक संचालक पर 50,000 का जुर्माना ठोका गया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट एवं श्रीमती अर्चना, पुलिस प्रशासन तथा तहसील लालकुआं की संयुक्त टीम द्वारा बिन्दुखत्ता क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों एवं मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राकेश मेडिकल स्टोर, अलसफा मेडिकल स्टोर, रॉय क्लीनिक, गोपाल मेडिकल स्टोर और गंगवार मेडिकल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रॉय क्लीनिक में अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन किया जाना पाया गया।
इस प्रकरण में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए संचालक के विरुद्ध 50,000 (पचास हजार रुपये) का चालान किया गया तथा अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र के समस्त चिकित्सा प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।








