
स्मार्ट मीटर का जबरदस्त विरोध, आक्रोशित लोगों ने विद्युत षकर्मियों को लौटाया बैरंग
रिपोर्ट: जिला संवाददाता नैनीताल।
लालकुआं। लालकुआं के गांधी नगर वार्ड नंबर-2 स्थित निवासी जीवन भंडारी के घर में लगा विद्युत मीटर खराब होने पर इसकी सूचना विद्युत उपखंड कार्यालय लालकुआं को दी गई और मीटर बदलने का अनुरोध किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम ने खराब मीटर बदलने के बजाए नया स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया।
इस पर जीवन भंडारी ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए पूर्व की तरह सामान्य विद्युत मीटर लगाने को कहा। कहासुनी होने की सूचना पर लालकुआं नगर पंचायत के वार्ड सदस्य धन सिंह बिष्ट, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष भुवन पांडेय, पूर्व सभासद हेमंत पांडेय तथा कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मौके पर मौजूद सभी लोगों द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए पहले की व्यवस्था के अनुसार सामान्य मीटर लगाने की मांग की गई।
क्षेत्र वासियों का विरोध बढ़ने पर विद्युत विभाग की टीम ने आश्वासन दिया कि उपभोक्ता के यहां पूर्व की तरह सामान्य मीटर ही लगाया जाएगा। इसके बाद विद्युत विभाग अधिकारी और कर्मचारी बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौट गए।
बता दें कि लालकुआं क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लगातार विरोध हो रहा है। क्षेत्र वासियों का कहना है कि विद्युत विभाग किसी न किसी बहाने स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास कर रहा है, जबकि लोग पुरानी व्यवस्था के तहत सामान्य मीटर ही लगाए जाने की मांग कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर को लेकर विभाग को लगातार स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।









