
नैनीताल: प्रसिद्ध नैनीझील से 4 दिन में तीसरा शव मिला, शहर में सनसनी
सरोवर नगरी नैनीताल से एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध नैनी झील से चार दिनों के भीतर तीसरा शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह राहगीरों ने झील में एक युवक का शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को घटनास्थल के पास एक लावारिस बैग भी मिला है। बैग से एक मोबाइल चार्जर, बच्चे की दूध की बोतल, महिला की चप्पल और शराब की छोटी बोतल बरामद हुई है। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनका घटना से क्या कोई संबंध है। नैनी झील से लगातार शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। चार दिनों के भीतर तीन शव बरामद होने से सरोवर नगरी नैनीताल में सनसनी फैल गई है।
बीते शुक्रवार को 45 वर्षीय मनीष साह का शव पाषाण देवी मंदिर क्षेत्र के पास झील से मिला था और शनिवार को ऑल सेंट्स कॉलेज के 48 वर्षीय सफाई कर्मचारी महिंद्र चौहान का शव एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर के पास झील में मिला। जबकि मंगलवार को लापता युवक प्रकाश का शव भी झील से ही बरामद हुआ है। इसके अलावा सोमवार को एक नेपाली युवक ने नशे की हालत में नैनीझील में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन स्थानीय युवक की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस नैनी झील क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है, साथ ही अन्य पहलुओं की जांच करने में भी जुट गई है।









