
17 जुलाई को देहरादून में गूंजेगी ‘छात्रों की गूंज’, कांग्रेस ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का किया आह्वान

लालकुआं/देहरादून। कांग्रेस के छात्र-युवा अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले आंदोलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी की ओर से इसे छात्रों और युवाओं की आवाज बुलंद करने का मंच बताते हुए प्रदेशभर के युवाओं, छात्रों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है।
कांग्रेस के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एकजुट कर उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जारी पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी का चित्र भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ भी इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए विधायक टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे कुन्दन सिंह मेहता ने भी कार्यकर्ताओं, युवाओं और छात्रों से 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाना समय की आवश्यकता है तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।








