हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में चार युवकों की मौत, स्कॉर्पियो सवार पुलिस हिरासत में

हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में चार युवकों की मौत, स्कॉर्पियो सवार पुलिस हिरासत में

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के पहिये तक निकल गए। इस हादसे में तीन युवकों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने उपचार के दौरान आईसीयू में दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर स्कूटी के पास चार युवक गंभीर रूप से घायल मिले। घायलों की पहचान राहुल राजपूत (17) पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, शिवम (25) पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, अंशु आर्य (20) पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव तथा आदित्य टम्टा (18) निवासी गोरापड़ाव के रूप में हुई।

चारों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पहिये तक निकल गए।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं चार युवकों की एक साथ मौत से गोरापड़ाव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment