अस्पताल की दीवार गिरने से पीएचसी प्रभारी चिकित्सक की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

अस्पताल की दीवार गिरने से पीएचसी प्रभारी चिकित्सक की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

चमोली जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी का शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा दीवार का निरीक्षण करते समय अचानक दीवार भरभराकर उन पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल चिकित्सक को हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसे थम गयीं।

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर के पीछे स्थित आवासीय भवन के पास सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त थी। डॉ. नवीन डिमरी उसकी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और वह मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर के लिए रवाना किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में सेवाएं दे रहे थे। उनकी पहचान एक ऐसे चिकित्सक के रूप में थी, जो हर परिस्थिति में मरीजों के इलाज को प्राथमिकता देते थे। उनका सहज व्यवहार, विनम्र स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें क्षेत्र के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि डॉ. नवीन डिमरी ने हमेशा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया। उनके निधन से चमोली ने एक संवेदनशील, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित डॉक्टर खो दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग के लिए अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।

डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। लोग उन्हें एक ऐसे चिकित्सक के रूप में याद कर रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन का हर पल जनसेवा के लिए समर्पित किया।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment