
हल्द्वानी बेस अस्पताल की इमरजेंसी में भिड़े दो गुट, मची अफरा-तफरी
हल्द्वानी के बेस अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे दो गुटों के बीच इमरजेंसी के अंदर ही जमकर मारपीट हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।
हल्द्वानी शहर में शुक्रवार को वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के युवकों के दो गुटों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। ठंडी सड़क पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों गुटों के कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और कई युवकों के सिर फट गए।
बीच सड़क पर हुई इस भयानक मारपीट के बाद घायल युवक प्राथमिक उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचे। वहीं हमलावर गुट के लड़के भी उनका पीछा करते हुए अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद बेस अस्पताल की इमरजेंसी के भीतर और बाहर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों में लात-घूंसे और लाठियां चलने लगीं, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का मच गई।
अस्पताल के संवेदनशील इमरजेंसी वार्ड में अचानक हुई इस मारपीट से वहां मौजूद गंभीर मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी कुछ देर के लिए ठप हो गईं। यह पूरी हिंसक घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में लाइव कैद हो गई है।
डॉक्टरों और स्टाफ ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की मदद से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है, जिसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







