लालकुआं में गौला रोड पर जल्द फ्लाईओवर बनाने की मांग, डीआरएम से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी

लालकुआं में गौला रोड पर जल्द फ्लाईओवर बनाने की की मांग, डीआरएम से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी

लालकुआं। लालकुआं गौला रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के चलते रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने इज्जतनगर स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम बीना सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डीआरएम से लालकुआं में फ्लाईओवर के साथ ही पार्किंग, पार्क, नालों की सफाई समेत रेलवे क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने लालकुआं स्थित गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान रोजाना लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द से जल्द फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।

डीआरएम बीना सिन्हा ने बताया कि फ्लाईओवर को लेकर उत्तराखंड सरकार और जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व में विस्तृत विचार-विमर्श किया जा चुका है तथा मौके का संयुक्त सर्वेक्षण भी हो चुका है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण मामला अब तक आगे नहीं बढ़ सका।

इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर फ्लाईओवर निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने रेलवे स्टेशन तिराहे पर लंबे समय से बंद पड़ी पुरानी पार्किंग को पुनः शुरू कराने की मांग भी रखी।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने लालकुआं नगर में जहां-तहां बेतरतीब खड़े हो रहे दोपहिया और फोर व्हीकल वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। डीआरएम ने इस मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गुजर रहे नालों की स्थिति सुधारने, रेलवे के कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्टेशन के समीप लंबे समय से बंजर पड़ी रेलवे भूमि पर आकर्षक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इन सभी मुद्दों पर डीआरएम ने अगले सप्ताह पुनः निर्णायक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया।

वार्ता के दौरान नगर पंचायत के लिपिक कामेश भंडारी, विजय कुमार सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment