हल्द्वानी से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का चुनावी शंखनाद, विजय शंखनाद रैली में उमड़ा भारी जनसैलाब

हल्द्वानी से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का चुनावी शंखनाद, विजय शंखनाद रैली में उमड़ा भारी जनसैलाब

कहा- उत्तराखंड में बनेगी कांग्रेस की सरकार, भाजपा-आरएसएस पर किए तीखे वार

रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हल्द्वानी से ही कांग्रेस का विजय शंखनाद होगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा उत्तराखंड के लोग बड़े सभ्य और आदर्श हैं। यह राज्य देवभूमि के नाम से जाना जाता है और वीरों की भूमि है। हल्द्वानी से ही कांग्रेस का विजय शंखनाद होगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार आएगी। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए इन्होंने कुछ नहीं किया। ये लोग कभी आंदोलन में जेल नहीं गए। यही इनका इतिहास है और आज ये हमें देशभक्ति सिखाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों के समय ये लोग अंग्रेजों की शरण में रहते थे और उनके पैरों में पड़े रहते थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसियों को डराया नहीं जा सकता। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र को बचाने तथा गरीबों महिलाओं और छात्रों की हिफाजत के लिए निकली है। यही वजह है कि देश का नौजवान कांग्रेस से जुड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि डरो मत, अगर डरे तो मरे। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को बहादुर बताते हुए कहा कि यहां के लोग सैनिकों की भूमि से आते हैं, इसलिए डरने का सवाल ही नहीं है। बेरोजगारी के मुद्दे पर खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 में दो करोड़ रोजगार हर साल देने का वादा किया गया था। उन्होंने सवाल किया कि बताइए कितनों को नौकरी मिली। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ नौकरियां दी जानी थीं लेकिन 25 लाख भी नहीं मिलीं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह झूठे लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो वादा करेगी उसे पूरा करेगी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री गड्ढे तक नहीं भर पा रहे हैं। खड़गे ने कहा कि देश में करीब 30 लाख पद खाली पड़े हैं। सवाल यह है कि इन पदों को क्यों नहीं भरा जा रहा। फिर किस तरह का विकसित भारत बनाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न आइडिया है और न विजन। कांग्रेस के पास देश को आगे ले जाने का विजन है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए खड़गे ने कहा कि कांग्रेस को भ्रष्टाचार के नाम पर कोसा जाता है लेकिन दिल्ली से लेकर यहां तक भाजपा भ्रष्टाचार की बात करती है। खड़गे ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों को भाजपा भ्रष्टाचारी बताकर जेल में डालती है, बाद में उन्हीं लोगों को भाजपा में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने ऐसे लोगों को वॉशिंग मशीन में डालकर क्लीन करने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो कहा उसे करके दिखाया है। फूड सिक्योरिटी एक्ट और मनरेगा जैसे कानून कांग्रेस सरकार की देन हैं। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में नौकरियां बिकती हैं और यहां पैसा बोलता है। उन्होंने कहा कि जब जनता कांग्रेस को सत्ता देगी तो मेरिट के आधार पर बिना पैसे के नौकरी दी जाएगी।

उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि यहां के लोग होशियार और होनहार हैं। इसी दौरान उन्होंने अल्मोड़ा के युवक रवि टम्टा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने भारत की पहली उड़ने वाली कार बनाने का दावा किया है और इसके लिए किसी की मदद नहीं ली बल्कि अपने दम पर यह काम किया।

पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर भी खड़गे ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से युवा और छात्र परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया तो कार्रवाई की मांग करने के बजाय उन पर पैलेट गन और लाठियां चलाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटियों को पुलिस ने घसीटा। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी हम आपसे और आपके शाह से डरने वाले नहीं हैं। अगर आप सच्चे हैं, तो जंतर-मंतर के मुद्दे पर सदन में बहस कीजिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सदन को चलने नहीं दिया, जबकि विपक्ष ने सदन को रोकने का काम नहीं किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि 56 इंच की छाती सिकुड़ गई क्या? विद्यार्थियों से बात नहीं कर सकते क्या। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज सुननी होगी और उनके सवालों का जवाब देना होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

वहीं अपने सम्बोधन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि इस विजय शंखनाद रैली के बाद प्रदेश से भाजपा की भ्रष्ट सरकार की विदाई तय है। इसे कोई भी नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि बिना पैसा दिए कोई भी सरकारी काम नहीं हो रहा है। सरकार प्रदेश के जंगल, जमीन और नदियां बेचने में लगी है। राज्य के कई गांव खाली हो चुके हैं। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को मजबूत बनाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे है। जिसमें कई भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम सामने आये हैं। जो सबूतों के अभाव में जमानत के बाद बरी हो जा रहे हैं। श्री आर्य ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश के 1700 विद्यालय बंद हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक स्थानों पर वन भूमि पर बसे लाखों लोग मालिकाना हक की मांग दशकों से करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार खामोश है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार को सबक सिखाने का वक्त आ चुका है । सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में जनता से जुड़ी हर समस्या को शामिल किया जायेगा।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुश्री शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, प्रभारी मनोज यादव, सुरेन्द्र शर्मा, चुनाव संचालन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति अध्यक्ष हरक सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, प्रकाश जोशी, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल आदि वक्ताओं ने भी जनसभा को सम्बोधित किया।

इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा, सूर्यकांत धस्माना, धीरेन्द्र प्रताप, विधायक आदेश चौहान, मनोज तिवारी, पूर्व विधायक तिलकराज बेहड़, संजीव आर्य, गोविन्द सिंह कुंजवाल, राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, हिमेश खड़कवाल, हरीश दुर्गापाल, प्रेमानन्द महाजन, अलका पाल, पुष्कर राज जैन, सुमित्तर भुल्लर, गणेश उपाध्याय, हरीश पनेरू, सुभाष बेहड़, हेमंत बगड़वाल, विमला सांगुड़ी, हरीश मेहता, गोविन्द बिष्ट, हेमवती नन्दन दुर्गापाल, हिमांशु गाबा, सतीश नैनवाल, दीपा आर्य, राहुल छिमवाल, संजय किरौला, खजान गुड्डू, हरीश धामी, जया कर्नाटक, हरेन्द्र बोरा, सुहेल अहमद सिद्दीकी, महेन्द्र पाल, इंदरपाल आर्य, शंकर जोशी, कुन्दन सिंह मेहता, भुवन पांडेय सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment