कुमाऊं कमिश्नर के सामने भिड़े भाजपाई और कांग्रेसी, एसआईआर में मतदाताओं पर आपत्तियों को लेकर हाथापाई की नौबत

कुमाऊं कमिश्नर के सामने भिड़े भाजपाई और कांग्रेसी, एसआईआर में मतदाताओं पर आपत्तियों को लेकर हाथापाई की नौबत

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से एसआईआर प्रक्रिया के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बुलाई गई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत की अध्यक्षता में हो रही बैठक में ही भाजपाई और कांग्रेसी भिड़ गए।

इस दौरान गाली-गलौज के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर बामुश्किल दोनों पक्षों को शांत किया। इसके बाद कांग्रेसियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर भाजपाई कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। जबकि कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सत्ता पक्ष पर अधिकारियों को दबाव में लेने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इधर भाजपाई देर शाम तक धरने पर डटे हुए थे।

सोमवार दोपहर करीब बारह बजे कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत रुद्रपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद कमिश्नर की अध्यक्षता और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और अन्य कांग्रेसी इस बैठक में मौजूद थे। इसके कुछ देर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, दर्जामंत्री रामपाल सिंह, अमित नारंग समेत कई अन्य भाजपाई बैठक में पहुंचे और कमिश्नर को एसआईआर में की गई आपत्तियों पर मतदाताओं के डबल वोटों को हटाने के संबंध में ज्ञापन दिया। इसके बाद बैठक शुरू हुई।

इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेसियों पर आपत्तिकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगाया। इस पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा नेता उन कांग्रेसियों के नाम उजागर करें। इस पर विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता गया और गाली-गलौज होने लगी। इस दौरान भाजपा विधायक शिव अरोरा और कांग्रेस के राजकुमार ठुकराल के बीच जमकर नोकझोंक हुई। नौबत हाथापाई तक की आ गई।

इस दौरान एडीएम कौस्तुभ मिश्रा और एसडीएम मनीष बिष्ट ने किसी तरह पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को शांत कराया। इसके बाद भी दोनों दलों के समर्थकों के तेवर गर्म रहे और भाजपाई कलेक्ट्रेट के अंदर राजकुमार ठुकराल पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। जबकि राजकुमार ठुकराल समर्थक कुछ देर कलेक्ट्रेट के बाहर नारेबाजी करने के बाद चले गए। वहीं देर शाम तक भाजपाई धरने पर डटे हुए थे और लगातार कांग्रेसियों पर कार्यवाही की मांग कर रहे थे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment