
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी.
हल्द्वानी पनचक्की रोड सड़क हादसे के बाद एसएसपी सख्त, यातायात व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
रिपोर्ट : ऐजाज जर्नलिस्ट
हल्द्वानी। हल्द्वानी में पनचक्की रोड पर हुए गंभीर सड़क हादसे के बाद पुलिस महकमे में सक्रियता दिखाई दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने यातायात व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया गया कि ट्रैफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से लागू करने और भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने के कारण यह कार्रवाई की गई।
इस हादसे के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सौंपी है, ताकि दुर्घटना से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का पता लगाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रखी जाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।









