कांग्रेसी नेता के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, बीच-बचाव में रिश्तेदार का अंगूठा कटा, देखिए…

कांग्रेसी नेता के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, बीच-बचाव में रिश्तेदार का अंगूठा कटा

लालकुआँ। लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में होली पर्व के दौरान कई जगह अराजकता का माहौल रहा, जिसे रोकने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से नाकाम दिखाई दिया।
होली के दिन लालकुआँ कोतवाली के बिन्दुखत्ता में दुकान खोलने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आए युवक का अंगूठा कट गया, इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली लालकुआँ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस एस.सी. विभाग के कार्यकारी जिलाध्यक्ष नैनीताल रमेश कुमार के छोटे भाई बिन्दुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन वह अपने चाचा के घर मौजूद थे। इसी दौरान कंचन पांडे, राहुल, सचिन, और विमल समेत क्षेत्र के कुछ दबंग किस्म के लोग वहां पहुंचे और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान जब घर पर मौजूद उनके जमाई सागर अरोरा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका अंगूठा कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं और पहले से ही उनसे रंजिश रखते थे, जो होली के दिन सुनियोजित तरीके से हमला करने आए थे। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment