
लालकुआं स्टोन क्रशर में बड़ी लापरवाही, डंपर भरने के दौरान रेत में दबकर हुई हेल्पर की दर्दनाक मौत

लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के गोरापड़ाव क्षेत्र में स्थित एक
स्टोन क्रशर में रविवार को घोर लापरवाही के चलते डंपर के हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान इंद्रा नगर ट्राली लाइन बिन्दुखत्ता, लालकुआं निवासी पवन सिंह पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मदन सिंह वाहन संख्या यूके02सीए/0386 में परिचालक के रूप में कार्य करता था। 26 जुलाई को पवन सिंह डंपर चालक के साथ रेत भरवाने के लिए लालकुआं स्टोन क्रशर (एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड) के क्रशर परिसर में गया था।
बताया जा रहा है कि पवन सिंह क्रशर परिसर में डंपर में रेत का रिसाव रोकने के लिए कट्टा लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह देखे कि नीचे कोई कर्मी मौजूद है, डंपर में ऊपर से रेत डाल दी, जिससे पवन रेत के नीचे दब गया। चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह रेत से भरा डंपर हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग स्थित निर्माण स्थल पर खाली भी कर आया।
वहीं, जब चार बजे के आसपास निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की तो उसमें दबा शव देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान मृतक की ताई ने अपने भतीजे पवन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी चालक, ठेकेदार और क्रशर स्वामी से गहन पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बताया जा रहा है कि गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित लालकुआं स्टोन क्रशर में रेत के नीचे दबने से हुई डंपर हेल्पर पवन सिंह की मौत के मामले में मृतक के परिजनों और संबंधित पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। इस समझौते के मुताबिक, क्रशर संचालक पक्ष की ओर से मृतक के आश्रित पिता को सात लाख रुपये का चेक और 50 हजार रुपये नकद दिए गए हैं। वहीं, डंपर स्वामी और मृतक के परिजनों के बीच हुए अलग समझौते के तहत डंपर स्वामी ने भी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इस तरह मृतक के परिवार को कुल आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की बात बताई जा रही है।








