
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष को यूपी पुलिस ने किया गिरफ्तार, असलहा तस्करी और बरेली दंगे से जुड़े हैं तार
किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा से बुधवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष और दरऊ ग्राम प्रधान के पति गफ्फार खान को उत्तर प्रदेश की बहेड़ी पुलिस ने बीच बाजार से उठाकर गिरफ्तार कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से शहर के डीडी चौक समेत पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। और देखते ही देखते यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया।
बताया जा रहा है कि गफ्फार खान बहेड़ी में दर्ज असलहा तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था। वहीं जांच के दौरान उसके तार बरेली दंगे में इस्तेमाल हुए हथियारों की सप्लाई से भी जुड़े बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार को दो वाहनों में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम किच्छा पहुंची। एक स्कॉर्पियो में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी मौजूद थे, जबकि दूसरे वाहन में वर्दीधारी जवान थे। जैसे ही गफ्फार खान डीडी चौक से रुद्रपुर रोड की ओर पहुंचा, पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया और स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए। भीड़भाड़ वाले बाजार में अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर लोग सकते में आ गए और कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दरअसल, बीती 19 फरवरी को बहेड़ी पुलिस ने तस्लीम और सोमू नाम के दो आरोपितों को भारी मात्रा में अवैध पिस्टल और तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल बरेली दंगे में सप्लाई के तौर पर किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो ग्राम दरऊ निवासी गफ्फार खान का नाम भी सामने आया।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी मिली थी कि कुछ हथियार गफ्फार खान तक भी पहुंचाए गए थे। इसके बाद से ही उसका नाम चर्चाओं में था और राजनीतिक माहौल गरमा गया था।
मामले के तूल पकड़ने के बाद गफ्फार खान ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो और पोस्ट के जरिए खुद को निर्दोष बताते हुए किच्छा विधायक पर राजनीतिक साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया था। पिछले करीब तीन महीनों से कार्रवाई न होने के चलते लोग मानने लगे थे कि मामला ठंडे बस्ते में चला गया है, लेकिन बुधवार को हुई गिरफ्तारी ने पूरे घटनाक्रम को फिर सुर्खियों में ला दिया।
एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि बहेड़ी थाने में दर्ज मुकदमे में गफ्फार खान वांछित था। बहेड़ी पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।









