लालकुआं समेत आसपास के क्षेत्र में गैस की किल्लत के बीच अवैध रिफिलिंग का धंधा बेरोक-टोक जारी
लालकुआं। लालकुआं नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में एक ओर जहां रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडरों से थ्री-व्हीलर वाहनों और छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग का धंधा बेरोकटोक जारी है।
बताया जा रहा है कि लालकुआं नगर के कई इलाकों में खुलेआम रसोई गैस सिलेंडरों से वाहनों व छोटे सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हो रही यह गतिविधि गंभीर हादसे को न्योता दे रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस अवैध कारोबार की जानकारी संबंधित विभागों को भी है, लेकिन अब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते यह खतरनाक धंधा लगातार बढ़ता जा रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और आपूर्ति विभाग से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे से पहले इस खतरनाक खेल पर रोक लगाई जा सके।









