यहां खौफनाक हादसे में वाहन पर विशालकाय बोल्डर गिरने से एक की मौत, दो अन्य घायल

यहां खौफनाक हादसे में वाहन पर विशालकाय बोल्डर गिरने से एक की मौत, दो अन्य घायल

उत्तराखंड के कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई, जहां सतपुली-मल्ली मार्ग पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रविवार करीब तीन बजे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुआ। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी, तभी अचानक पहाड़ी से विशालकाय बोल्डर वाहन पर आ गिरा।

दुर्घटना में 45 वर्षीय श्रीकांत, निवासी केरल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक सरनजीत (61) निवासी दिल्ली तथा उदय, निवासी बंगाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों गाजियाबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

हादसे की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। बोलेरो में फंसे एक घायल को निकालने के लिए कटर मशीन की सहायता से वाहन को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment