
आईटीसी पेपर मिल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के नारों से गूंज उठा मिल परिसर
लालकुआं। लालकुआं स्थित आईटीसी पेपर मिल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रणव शर्मा ने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि हम सब खुली हवा में सांस ले रहे हैं, लेकिन हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि यह खुली हवा उन अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के असीम बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने अपनी जवानी और जीवन देश के नाम न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश के समस्त अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि आजादी का मतलब केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति पाना भर नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक अर्थ अपने आपसी मतभेदों और वैमनस्य को भुलाकर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना है। एक जिम्मेदार औद्योगिक संस्थान और राष्ट्र के नागरिक के रूप में हमें कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि सुरक्षा और गुणवत्ता ही हमारी वास्तविक प्रगति की नींव हैं। उन्होंने गर्व के साथ रेखांकित किया कि आईटीसी समूह वर्षों से निरंतर संघर्ष, समर्पण और अनुशासन का एक बेमिसाल उदाहरण रहा है।
कार्यक्रम में मिल प्रबंधन के प्रबोध पात्रा, नरेश चन्द्रा, अविनाश जौहरी, संजय बाजपेयी, पंकज धूलिया सहित समस्त अधिकारी गण, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी गण एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र निर्माण और संस्थान की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।

















