उत्तराखंड में पीस पार्टी की चुनावी सक्रियता बढ़ी, 2027 में 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

उत्तराखंड में पीस पार्टी की चुनावी सक्रियता बढ़ी, 2027 में 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले पीस पार्टी ने राज्य में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश के बाद अब पार्टी उत्तराखंड में भी संगठन का विस्तार करने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने में जुट गई है। इस बीच पार्टी ने किसी भी राजनैतिक दल के साथ गठबंधन की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए अपने बलबूते चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है।

पीस पार्टी के प्रदेश संयोजक मुख्तार अहमद ने हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि पीस पार्टी का उत्तराखंड की लगभग 15 मैदानी क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर प्रभाव है और पार्टी इन क्षेत्रों में पूरी मजबूती के साथ अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। प्रदेश संयोजक का कहना है कि पार्टी लंबे समय से इन क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान चला रही है।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पीस पार्टी प्रदेश की 15 विधान सभा सीटों, जिनमें कुमाऊं मंडल की हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर और जसपुर सीटें शामिल हैं। वहीं गढ़वाल मंडल की हरिद्वार ग्रामीण, लक्सर, मंगलौर, विकासनगर और सहसपुर विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

प्रदेश संयोजक के मुताबिक, पार्टी ने कुमाऊं और गढ़वाल मंडल की उन विधानसभा सीटों को चिन्हित किया है, जहां संगठन की स्थिति मजबूत है और जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पार्टी आगामी चुनावों में जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रदेश में विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाना है। इसके लिए जल्द ही प्रदेशभर में संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जाएगा।

पार्टी नेतृत्व का दावा है कि आने वाले समय में कई सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग भी पीस पार्टी से जुड़ सकते हैं। पार्टी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे रही है।

वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले पीस पार्टी की यह सक्रियता कई सीटों पर चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। अब सभी की निगाहें पार्टी द्वारा घोषित किए जाने वाले संभावित उम्मीदवारों और आगामी रणनीति पर टिकी हैं।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment