हल्द्वानी में कार के अंदर छात्रा से दरिंदगी, पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार

हल्द्वानी में कार के अंदर छात्रा से दरिंदगी, पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है बताया जा रहा है कि दसवीं की छात्रा को जबरदस्ती शराब पिलाकर उसके साथ घिनौना कृत्य किया गया।

जानकारी के मुताबिक काठगोदाम थाना क्षेत्र में पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया और हैड़ाखान रोड के सुनसान जंगल में ले जाकर घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना 24 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की है। काठगोदाम निवासी 10वीं की छात्रा घर के पास ही दुकान से सामान लेने निकली थी। इसी दौरान उसके घर के पास ही किराए पर रहने वाले मोहित निवासी दन्या अल्मोड़ा (20 वर्ष) और प्रदीप (24 वर्ष) उसे मिले। दोनों ने 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को घुमाने के बहाने अपनी कार में बैठा लिया और हैड़ाखान मार्ग की ओर ले गए।

आरोप है कि सुनसान जगह पर ले जाकर दोनों युवकों ने छात्रा को डराया-धमकाया और उसे जबरन शराब पिलाई। जब किशोरी नशे की हालत में आ गई, तो दोनों आरोपियों ने कार के भीतर ही उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। जब देर रात तक छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने शोर मचाया और काठगोदाम पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और परिजनों ने हैड़ाखान रोड पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सड़क किनारे एक संदिग्ध कार खड़ी मिली। जब पुलिस ने पास जाकर देखा, तो छात्रा कार के भीतर बेहोशी की हालत में पड़ी थी और दोनों आरोपी भी वहीं मौजूद थे।

पुलिस ने तुरंत आरोपियों को हिरासत में लिया और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment