
ऊधमसिंह नगर: जुलूस में हथियार लहराने वालों पर पुलिस का कसा शिकंजा, अब तक 8 गिरफ्तार

5 अवैध धारदार हथियार बरामद, 5 दोपहिया वाहन और एक डीजे वाहन सीज
ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में 15 अगस्त को निकाले गए जुलूस के दौरान हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध धारदार हथियार, जिनमें गंडासे, कापे और चाकू शामिल हैं, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 5 दोपहिया वाहन और एक डीजे वाहन भी सीज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा तलवार, गंडासा, खुकरी, तमंचे एवं अन्य हथियारों के साथ खुलेआम प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया था। इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने, यातायात बाधित करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप लगे थे।
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 422/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में नामजद आरोपियों के अलावा करीब 30 अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 172 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। इसके बाद थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया गया।
वहीं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 17 अगस्त की रात ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध दाब/गंडासा यानी कुल दो अवैध गंडासे बरामद किए गए। मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद हुयीं। अब तक गिरफ्तार 8 आरोपीयो को गिरफ्तार किया गया है और 5 दोपहिया और एक डीजे वाहन सीज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से संबंधित 5 दोपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत उन्हें सीज किया गया है। इसके अलावा 15 अगस्त की घटना के संबंध में एक डीजे वाहन भी सीज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि 15 अगस्त की घटना से संबंधित वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जुलूस में हथियार लेकर शामिल होने, हथियार लहराने, आमजन में भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों की भूमिका साक्ष्यों के आधार पर जांची जाएगी। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस अब लगातार सख्त कार्रवाई के मूड में है।









