
खान फार्म पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, विधायक तिलक राज बेहड़ के समर्थकों संग धरने पर बैठने से गहराया विवाद

रिपोर्ट: जिला संवाददाता उधम सिंह नगर।
किच्छा। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा के पिपलिया मोड़ स्थित खान फार्म पर कथित कब्जे को लेकर बुधवार शाम को विवाद गहरा गया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायरा वाड्रा ने नसरिन सांगा पर फार्म पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
वहीं सूचना पाकर सायरा वाड्रा के समर्थन में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ सहित कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और खान फार्म के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। सायरा वाड्रा का कहना है कि संबंधित फार्म उनकी बुआ की वसीयत के आधार पर उनके अधिकार में है, लेकिन नसरिन सांगा ने मजदूरों को हटाकर जबरन कब्जा कर लिया।
इधर, फार्म के अंदर मौजूद नसरीन सांगा ने सायरा वाड्रा, विधायक तिलक राज बेहड़ और अन्य कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
धरने के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो जमीनों के विवाद में “एक और जान जाएगी।” उन्होंने चेतावनी दी कि वह एक-दो दिन के भीतर जिले के सभी अधिकारियों के नाम लिखकर प्रदेश और केंद्र सरकार को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजेंगे। साथ ही उन्होंने आत्मदाह की चेतावनी भी दी है।
उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पांडेय का कहना है कि कानून व्यवस्था खराब ना हो, उसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों पार्टियों का ऑफिस बुलाया गया है। दोनों के एडवोकेट अपने-अपने दस्तावेज दिखाएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।









