
पंतनगर: हरित यज्ञ अभियान के सातवें दिन छात्रावास परिसरों में किया गया वृक्षारोपण

पंतनगर। 22 जुलाई, 2026। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में संचालित 15-दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान के सातवें दिन विश्वविद्यालय के गंगोत्री भवन, कस्तूरबा भवन एवं स्वर्ण जयन्ती भवन छात्रावासों के प्रांगण में कुलपति, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित ‘हरित यज्ञ’ अभियान का उद्देश्य परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना तथा विद्यार्थियों और समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है और सभी को इस दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अमरूद, आम, करौंदा, कटहल, नींबू आदि फलदार पौधों का रोपण कर हरित परिसर के निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन ध्यानी; सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठात्री डा. अल्का गोयल, पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. देवेन्द्र कुमार, विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के कार्यवाहक अधिष्ठाता डा. एस.बी. सिंह, निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल, गंगोत्री भवन की वार्डन डा. अनिता, कस्तूरबा भवन की वार्डन डा. श्वेता राय, स्वर्ण जयन्ती भवन की वार्डन डा. रश्मि तिवारी; सह निदेशक, शारीरिक शिक्षा, डा. भाष्कर तिवारी तथा प्रत्येक छात्रावास के विद्यार्थियों ने भी वृक्षारोपण किया।








