
उत्तराखंड: कुत्तों के आतंक से 10 स्कूल 2 दिन रहेंगे बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई
चमोली। उत्तराखंड में कुत्तों के हिंसक बर्ताव के चलते बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया गया है। चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए दस स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाएगी।
बताया गया है कि क्षेत्र में हिंसक कुत्तों के लगातार घूमने और बच्चों के लिए खतरा पैदा होने की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी चमोली के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने छात्रहित में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
इस दौरान टीम कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है ताकि इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ये 10 स्कूल बंद रहेंगे
- रा०आ०इ०का० नारायणबगड़
- रा०बा०इ०का० नारायणबगड़
- सरस्वती शिशु मंदिर नारायणबगड़
- उत्तरांचल विद्या निकेतन नारायणबगड़
- रा०प्रा०वि० नारायणबगड़
- श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पंती
- रा०प्रा०वि० नलगांव
- रा०उ०प्रा०वि० नलगांव
- मॉडर्न चिल्ड्रन एकेडमी नारायणबगड़
- उत्तराखंड विद्यालय निकेतन नारायणबगड़
बच्चों की सुरक्षा के लिए पहली बार दो दिन तक स्कूल बंद रखने का यह फैसला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं क्षेत्र वासियों की नज़रें अब इस पर टिकी हुई हैं कि आतंक का पर्याय बन चुके हिंसक कुत्तों से उन्हें कब तक राहत मिलती है।









