रक्षाबंधन से पहले भाई ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रक्षाबंधन से पहले भाई ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रुड़की। रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम अलग-अलग स्थानों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि दूसरी बहन के पति को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संगीता उर्फ शकुंतला (50) प्रीत विहार में रहती थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान उसका सगा भाई वहां पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर सुभाषनगर पहुंचा। जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा (42) रहती थी। करीब 20 मिनट बाद आरोपी ने पुष्पा के घर पहुंचकर दरवाजा खुलते ही उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी कंधे में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस दोनों घटनास्थलों पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल संदीप का उपचार चल रहा है। घटना के बाद दोनों स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भाई ने अपनी दोनों बहनों को गोली मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति घायल है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद आरोपी विवेक मौके से फरार हो गया था। दो स्थानों पर फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद विवेक को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, बहनों के चरित्र को लेकर आरोपी के मन में शक था और इसी शक के चलते उसने दोनों की हत्या की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि विवाद की शुरुआत कब और किस बात को लेकर हुई तथा फायरिंग के लिए आरोपी हथियार लेकर दोनों स्थानों तक कैसे पहुंचा। एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर हुई इस वारदात से रुड़की में हड़कंप मच गया। पुलिस अब आरोपी के बयान, घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड की जांच आगे बढ़ा रही है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment