
वायरल वीडियो का एसएसपी ने लिया संज्ञान, हाथ में बेल्ट लहरा कर राहगिरों को डराने वाले चार युवक गिरफ्तार, दो नाबालिग किए परिजनों के सुपुर्द
रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट
हल्द्वानी। हल्द्वानी की सड़कों में बाइकों में सवार होकर बेल्ट लहरा कर राहगीरों को डराने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो नाबालिगों को संरक्षण में ले, परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इसके अलावा वाहन भी सीज किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने रात में वीडियो वायरल होने के बाद इन युवकों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 की शाम दो नहरिया रोड हल्द्वानी में दो बाइकों पर सवार कुछ युवकों द्वारा सरेआम हुड़दंग मचाने, हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों एवं आमजन को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर वीडियो में शामिल युवकों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की और चार युवकों को गिरफ्तार किया गया तथा जांच में दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया। नाबालिगों की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हिरासत में लिए गए युवक सीतेश आर्य (25) पुत्र रघु कुमार निवासी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम, गोपाल आर्य (30) पुत्र स्व. मदनलाल निवासी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम, कुणाल बिष्ट (22) पुत्र शेर सिंह बिष्ट निवासी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम और विशाल कुमार (27) पुत्र स्व. भुवन चंद निवासी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम शामिल हैं।
उक्त में सीतेश आर्य के शराब के नशे में पाए जाने पर शराब पीकर वाहन चलाने एवं हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अन्य युवकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके से संबंधित दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज किया गया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल, जिसके कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, सीज किया गया। एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या यूके 04 एएस-4102, जिसे नियमानुसार सीज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला कोई भी ऐसा वीडियो, जिसमें सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, पुलिस के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, जगदीश, अजहर शामिल थे।















