अक्टूबर तक नैनीताल जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कें होंगी दुरुस्त, मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त निर्देश

अक्टूबर तक नैनीताल जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कें होंगी दुरुस्त, मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर तक जिले की सभी क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा है। साथ ही जिलाधिकारी स्तर से सड़क कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी नैनीताल ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त और निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी नैनीताल ने कहा कि बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत और निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को अनिवार्य रूप से पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क संबंधी कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करेगा। प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़कों को दुरुस्त कर आमजन को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment