गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस का लालकुआँ में जोरदार प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा जमकर निशाना

गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस का लालकुआँ में जोरदार प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा जमकर निशाना

लालकुआँ। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने और गैस की बढ़ाई गई कीमत के विरोध में लालकुआँ में कांग्रेसियों ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता तहसील गेट पर इकठ्ठे हुए और उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने और गैस की बढ़ाई गई कीमत के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सिर पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर तहसील तक मार्च निकाला, इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी रेखा कोली को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर गैस आपूर्ति सुचारु करने और बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की।

इस दौरान पूर्व प्रदेश प्रवक्ता उत्तराखंड कांग्रेस नितिन पन्त ने कहा कि लालकुआँ सहित आसपास के क्षेत्रों में गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और आपूर्ति व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण आम आदमी परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।

वहीं वक्ताओं ने कहा देश की जनता पहले ही महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर उसकी परेशानी को और बढ़ा दिया है। कीमतें बढ़ने के बावजूद गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों को घंटों लाइनों में लगने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। जिससे आमजन का चूल्हा जलना मुश्किल हो रहा है।

कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस संकट और महंगाई पर काबू नहीं पाया गया, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी, जिसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार होगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत, कांग्रेस नेत्री बीना जोशी, राजेंद्र खनवाल, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, उमेश कबड़वाल, ब्लाक अध्यक्ष कैलाश दुमका, पुष्कर दानू, कुंदन सिंह मेहता, लक्ष्मण धपोला, खीमा नंद दुमका सहित कई अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment