उत्तराखंड धामी मंत्रिमंडल में 5 नए मंत्री शामिल, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

देहरादून। उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। आज शुक्रवार को लोक भवन में सुबह 10:00 बजे नव नियुक्त कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। राज्यपाल ने विधायक मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

धामी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए कैबिनेट मंत्रियों में देहरादून की राजपुर रोड से विधायक खजान दास, हरिद्वार विधानसभा सीट से विधायक मदन कौशिक, भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा, रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी और रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा शामिल हैं।


बता दें कि उत्तराखंड कैबिनेट में पूर्व में तीन पद खाली थे, उसके बाद कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का निधन हो गया, जिसके कारण खाली पदों की संख्या चार हो गई थी। वहीं साल 2025 में विवादित बयान देने पर कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल को पद छोड़ना पड़ा था। तब से धामी कैबिनेट में खाली पदों की संख्या पांच हो गई थी।

विगत, दो साल के भीतर कई बार प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं चली। वहीं अब इन अटकलों को आज मंत्रिमंडल विस्तार से विराम मिल गया है। वहीं, अगले विधानसभा चुनाव से पहले धामी मंत्रिमंडल में किए गए इस विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है।









