हल्द्वानी में गरजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, “धाकड़” धामी को बताया “धुरंधर”

हल्द्वानी में गरजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, “धाकड़” धामी को बताया “धुरंधर”

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आयोजित जनसभा में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। रक्षा मंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने धामी को “धाकड़” कहा था, लेकिन बीते चार वर्षों में उनके कामकाज को देखते हुए अब उन्हें “धुरंधर धामी” कहा जाना चाहिए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चार साल के कार्यकाल का जो ब्यौरा प्रस्तुत किया गया है, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री धामी ने तेज़ गति से विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि धामी ने बतौर मुख्यमंत्री चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है और अपने पहले कार्यकाल को जोड़कर वह लगभग पांच वर्षों से प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने राजनीतिक अंदाज में कहा कि धामी ने “चौका” तो मार ही दिया है, अब आने वाले समय में “छक्के” भी लगाएंगे और नया इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा धामी उत्तराखंड के छठे मुख्यमंत्री हैं और अपने कार्यों से उन्होंने अलग पहचान बनाई है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के रूप में जाना जाता है, लेकिन यह वीरभूमि भी है। उन्होंने कहा कि जब भी देश की सीमाओं की रक्षा की बात आती है, उत्तराखंड के लोग हमेशा अग्रणी रहते हैं और कभी पीछे नहीं हटते।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वन रैंक, वन पेंशन’ जैसी लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने सैनिकों के परिवारों को आर्थिक सहायता, शिक्षा में आरक्षण, रोजगार के अवसर और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर स्तर पर सहयोग दिया है।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment