खनन व्यवसायी ने कर दी गौला निकासी गेट इंचार्ज की पिटाई, विरोध में हल्द्वानी से लालकुआं तक सभी गेट बंद

खनन व्यवसायी ने कर दी गौला निकासी गेट इंचार्ज की पिटाई, विरोध में हल्द्वानी से लालकुआं तक सभी गेट बंद

लालकुआं। यहां बिना तुलाए गौला नदी में डंपर वाहन ले जाने पर वाहन स्वामी और गेट इंचार्ज में हुई तीखी बहस मारपीट में बदल गई, इस दौरान खनन व्यवसायी ने गेट इंचार्ज की पिटाई लगाने के साथ-साथ उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। इस घटना से नाराज वन कर्मियों ने लालकुआं डिवीजन से लेकर हल्द्वानी तक सभी 11 गौला निकासी गेटों को बंद कर दिया। इस घटना के बाद देवरामपुर गेट में पुलिस, वन विभाग एवं वन निगम के कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार प्रातः देवरामपुर गौला निकासी गेट में बिना कांटा कराए करीब एक दर्जन वाहन गौला नदी में प्रवेश कर गए, जिसकी सूचना कांटे में तैनात कर्मचारियों ने गेट इंचार्ज सौरभ मराठा को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे गेट इंचार्ज ने बिना तुले वाहन स्वामियों को गेट में बुलवाया और पुनः गाड़ी तुलवाने को कहा, इसके बाद मौके पर पहुंचे खनन स्वामियों ने उन्हें बताया कि उनकी गाड़ियां भर चुकी हैं, गाड़ी तुलवाने की प्रक्रिया उनके द्वारा की गई, परंतु कांटे में खराबी होने से गाड़ी का तोल नहीं आ पाया है। इस पर गेट इंचार्ज द्वारा सभी को निर्देश दिए गए कि भरी गाड़ी को खाली करके दोबारा तुड़वाया जाए, जिससे एक खनन व्यवसाई नाराज हो गया और उसकी गेट इंचार्ज से तीखी बहस हो गई, जो कि बाद में मारपीट में बदल गई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान खनन व्यवसायी द्वारा वीडियो बना रहे गेट इंचार्ज का मोबाइल भी तोड़ दिया गया और गेट इंचार्ज के साथ मारपीट भी कर दी। वहीं इस घटना से नाराज वन विकास निगम के कर्मचारियों ने पहले देवरामपुर गेट बंद किया, उसके बाद लालकुआं से लेकर शीशमहल तक के सभी 11 गेटों को बंद कर दिया गया है, साथ ही मौके पर लालकुआं कोतवाली पुलिस, वन विभाग एवं वन निगम के अधिकारियों को बुला लिया।

वहीं वन विकास निगम के डीएलएम धीरेश बिष्ट का कहना है कि खनन व्यवसाई द्वारा गेट इंचार्ज के साथ अभद्रता एवं मारपीट की गई है, जिसकी लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही बंद गेटों को खुलवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिस वाहन स्वामी ने मारपीट की है उसकी गाड़ी को सीज करके उसका गौला नदी का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment