
सीबीएसई 10वीं रिजल्ट 2026: उत्तराखंड की बेटी हर्षा ने रचा इतिहास, 500/500 अंक लाकर बनी टॉपर
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने सीबीएसई (CBSE) 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। बिना ट्यूशन के स्व-अध्ययन से मिली इस सफलता ने पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित कर दिया है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 2026 घोषित कर दिया है। इस बार रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल की इस होनहार छात्रा की उपलब्धि ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।
हर्षा की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद स्कूल में जश्न का माहौल है। शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी बेहद उत्साहित नजर आए। स्कूल के चेयरमैन सुरजीत सिंह ने हर्षा की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हर्षा की मेहनत, अनुशासन और लगन यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि हर्षा ने कठिन परिस्थितियों में भी लगातार पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखा। उन्होंने यह भी कहा कि यह सफलता उन लोगों के लिए भी जवाब है जो कभी-कभी स्कूल की आलोचना करते हैं।
हर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी भी प्रकार की ट्यूशन नहीं ली, बल्कि स्व-अध्ययन और नियमित अभ्यास के जरिए यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद भी इतने अच्छे अंक आने की उम्मीद नहीं थी।
वहीं, हर्षा की मां ने बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रही है और उसने हर दिन ईमानदारी से तैयारी की। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।







