
किच्छा: जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, रेल भूमि पर बनी अवैध मजार को किया जमींदोज
किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा-पंतनगर हाईवे पर रेलवे भूमि पर बनी अवैध मजार को आज शनिवार को जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई कर हटा दिया।किच्छा क्षेत्र में स्थित बेनी मजार को हटाने से पूर्व जिला प्रशासन, इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा अवैध मजार प्रबंधकों को नोटिस जारी किया था। नोटिस की मियाद पूरी हो जाने के बाद रेलवे द्वारा जिला प्रशासन से सुरक्षा बल मुहैय्या कराने का लिखित निवेदन दिया गया जिसके बाद आज सुबह तड़के किच्छा स्थित “बेनी मजार” को बुलडोजर से ध्वस्त कर सरकारी भूमि से हटा दिया गया। ऊधम सिंह नगर के अपर जिला अधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि उक्त अवैध संरचना को हटाने को लेकर इज्जत नगर रेलवे प्रशासन द्वारा 26.05 2023 और 18.09.25 को नोटिस जारी कर भूमि संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा गया था। किंतु मजार प्रबंधकों द्वारा न तो दस्तावेज दिखाए गए और न ही इसे हटाया गया। रेलवे द्वारा जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को 25.04.2026 को इसे हटाने के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग की अपेक्षा जताई गई। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के दिशा निर्देश पर आज सुबह तड़के रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार को हटा दिया गया। उक्त अवैध संरचना के नीचे किसी भी प्रकार के अवशेष आदि नहीं मिले हैं।रेलवे प्रशासन के मुताबिक रलवे की भूमि पर बने उक्त अवैध मजार न सिर्फ रेलवे की विस्तार योजना में बाधक बन रही थे, बल्कि बरेली-नैनीताल राज्य मार्ग चौड़ीकरण में भी बाधक बनी हुई थी।गौरतलब है कि उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर और शहदोरा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा इसी तरह की कार्रवाई पहले भी की जा चुकी है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।







