
शादी से चंद घंटे पहले दूल्हे की मौत, पेड़ से लटका मिला संदिग्ध परिस्थिति में शव
बरेली। बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में शनिवार को शादी की शहनाई मातम में बदल गई। बरात जाने से कुछ घंटे पहले ही दूल्हा देवेंद्र मौर्य (22) का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शाम को रिठौरा के उद्धानापुर गांव बरात जानी थी, लेकिन घर से दूल्हे की बारात की जगह अर्थी उठी।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुभाषनगर निवासी रामदास मौर्य के सबसे छोटे बेटे देवेंद्र की शादी उद्धानापुर में तय हुई थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। रात में डीजे पर खूब डांस हुआ। तेज आवाज पर मोहल्ले के कुछ लोगों की आपत्ति के बाद डीजे मुख्य दरवाजे पर लगा दिया गया। रात करीब 2 बजे देवेंद्र अपने बहनोई और रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया।
शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। परिजन दौड़े-दौड़े गए तो देखा कि शव करीब 6 फुट की ऊंचाई पर पतली रस्सी से बंधा था और पैर मुड़े हुए जमीन से लग रहे थे। दाहिने हाथ में शादी का कंगन और हाथों में मेहंदी लगी थी।
मृतक के पिता रामदास मौर्य ने रोते हुए कहा कि “मेरे बेटे की किसी से रंजिश नहीं थी। इतनी कम ऊंचाई से कोई फांसी कैसे लगा सकता है? उसकी हत्या कर शव लटकाया गया है।” देवेंद्र दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था।
वहीं सूचना पर पहुंचकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह साफ होगी और उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
इधर शादी के दिन दूल्हे की संदिग्ध मौत से सुभाषनगर में सनसनी फैल गई है। पैर जमीन से सटे होने के कारण परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की असल वजह सामने आएगी।








