
नेशनल हाईवे के मोतीनगर कट पर दर्दनाक हादसा, छोटे हाथी (वाहन) से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के मोतीनगर में बना बेतरतीब कट एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। गुरुवार शाम करीब सात बजे गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी (वाहन) ने लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान रहीम खान पुत्र याकूब अली (28) निवासी सुभाष नगर, लालकुआं के रूप में हुई है। मृतक रहीम मोटर मिस्त्री का काम करता था।
हादसे की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से घटना की जानकारी ली। लोगों ने पुलिस को बताया कि गलत दिशा से आ रहा एक छोटा हाथी (वाहन) लालकुआं की ओर से आ रही मोटरसाइकिल संख्या यूके04 एटी-6967 से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार रहीम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल चौकी मंडी क्षेत्र से संबंधित होने के कारण पुलिस ने चौकी मंडी को सूचना दी। मौके पर ई-साक्ष्य की कार्रवाई भी की गई। दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को हल्दूचौड़ चौकी, कोतवाली लालकुआं में खड़ा कराया गया है। मृतक के शव को 1033 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।
बता दें कि पिछले वर्ष रहीम की पत्नी की बच्चे की डिलीवरी के दौरान आकस्मिक मौत हो गई थी। अब सड़क हादसे में रहीम की भी जान चली गई। ऐसे में उनका छोटा बेटा माता-पिता दोनों के साये से महरूम हो गया है। रहीम के परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
वहीं इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने मोतीनगर कट की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।










