
नदीम अहमद को मिला जिला सूचना अधिकारी नैनीताल का अतिरिक्त चार्ज, सूचना विभाग में कार्य करने का है लंबा अनुभव
संपादक: ऐजाज हुसैन
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन के बाद सूचना विभाग में नई जिम्मेदारी तय कर दी गई है। हल्द्वानी मीडिया सेंटर के प्रभारी अहमद नदीम को जिला सूचना अधिकारी, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह अब नैनीताल जिले में जिला सूचना अधिकारी के रूप में विभागीय जिम्मेदारियां संभालेंगे।
जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का 12 सितंबर को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से सूचना विभाग के साथ ही नैनीताल जिले के पत्रकारिता जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई थी। लंबे समय से सूचना विभाग से जुड़े रहे जोशी के निधन के बाद अब जिला सूचना अधिकारी पद का अतिरिक्त दायित्व अहमद नदीम को दिया गया है।
अहमद नदीम को सूचना विभाग में कार्य करने का लंबा अनुभव है। वह ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिला सूचना अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में सहायक जिला सूचना अधिकारी (एडीआईओ) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
विभिन्न जिलों में कार्य करने के अनुभव के चलते अहमद नदीम को विभागीय कार्यप्रणाली के साथ-साथ मीडिया समन्वय का भी व्यापक अनुभव है। अब नैनीताल जिले में जिला सूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद वह विभागीय कार्यों और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।









