किच्छा : निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, निर्दलीय मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जी-जान से जुटे

किच्छा : निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, निर्दलीय मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जी-जान से जुटे

फोटो: निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रसीद जक्कू का जनसंपर्क अभियान।

नवगठित नगर पालिका परिषद सिरौली कलां में कांग्रेस और निर्दलीय के बीच होगी चुनावी भिड़ंत

फोटो: कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान।

फोटो: भारतीय जनता पार्टी का जनसंपर्क अभियान।

संपादक: ऐजाज जर्नलिस्ट✍️

किच्छा। ऊधम सिंह नगर जनपद की किच्छा और सिरौली कलां में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस निकाय चुनाव को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इसके चलते किच्छा से वर्तमान कांग्रेसी विधायक तिलक राज बेहड़ तथा भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला दोनों ही इस चुनाव को अपनी-अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर चल रहे हैं और अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए दिन-रात जनसंपर्क अभियान में लगे हुए हैं।

वहीं बात करें नगर पालिका परिषद किच्छा की, तो यहां भाजपा ने संदीप अरोरा पर भरोसा जताया है, जबकि कांग्रेस से राजेश प्रताप सिंह चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर कांग्रेस से बगावत कर बतौर निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रसीद जक्कू भी चुनाव लड़ रहे हैं, जो भाजपा-कांग्रेस के बीच की सीधी टक्कर को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा नगर पालिका परिषद किच्छा के बीस वार्डों से सभासद पद पर भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद किच्छा में कुल मतदाताओं की संख्या- 52,240 है, जिनमें पुरुष मतदाता- 27,029 और महिला मतदाता- 25,207, जबकि अन्य 4 मतदाता हैं।

जबकि नवगठित नगर पालिका परिषद सिरौली कलां से कांग्रेस की श्रीमती राशिदा पत्नी सईदुल रहमान अध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं। इस मुस्लिम बहुल सीट पर भाजपा ने अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। यहां कांग्रेस का सीधा मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार फरहीन जहां पुत्री नासिर हुसैन से है। कांग्रेस का आरोप है कि इस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को भाजपा का समर्थन प्राप्त है। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार ने इसका खंडन किया है।

वहीं नवगठित इस नगर पालिका परिषद सिरौली कलां में कुल मतदाता- 11,591 हैं, जिनमें पुरुष मतदाता- 6,156 और महिला मतदाता- 5,435 हैं। यहां बता दें कि सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के अलग निकाय के रूप में यह पहला चुनाव है। यहां चार वार्ड हैं, जिनसे सभासद पद पर कई उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जैसे-जैसे चुनाव की तारीख निकट आ रही है, प्रचार अभियान तेजी पकड़ रहा है। भाजपा की तरफ से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समेत पार्टी के तमाम नेता लगातार प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। वहीं किच्छा से वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और बड़ी तादाद में कांग्रेस नेताओं ने प्रचार अभियान की कमान संभाल रखी है। फिलहाल भाजपा-कांग्रेस दोनों ही की तरफ से एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले लगातार जारी हैं।

इधर भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों के बीच सीधे मुकाबले को कांग्रेस के बागी निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रसीद जक्कू त्रिकोणीय बनाने में लगे हुए हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, माना जा रहा कि कांग्रेस के परम्परागत वोटर समझे जाने वाले मुस्लिम वोट बैंक में यदि अब्दुल रसीद जक्कू पूरी तरह से सेंध लगाने में सफल रहे, तो कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है और चुनाव का नतीजा बेहद चौंकाने वाला हो सकता है।

ऐसे में भाजपा की नजरें भी अब्दुल रसीद जक्कू फेक्टर पर हैं और सोची-समझी रणनीति के तहत भाजपा नेताओं ने यह कहना भी शुरू कर दिया कि उनका मुकाबला कांग्रेस से नहीं निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रसीद जक्कू से है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि यदि कांग्रेस के वोट बैंक में बंटवारा हुआ तो उसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है। कांग्रेस पार्टी को भी इसका पूरा एहसास है, इधर इसी के चलते कांग्रेस अपनी चुनावी सभा में मतदाताओं से यह आह्वान भी कर रह रही है। वे अपने अमूल्य वोट के अधिकार का सोच समझकर ही इस्तेमाल करें।

वहीं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, किच्छा और सिरौली कलां दोनों ही नगर पालिका परिषद के लिए मतदान 22 सितंबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना 24 सितंबर को कराई जाएगी। जिसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर रखी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है।

बहरहाल राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, किच्छा में भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर की पूरी संभावना है और निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रसीद जक्कू इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुट गए हैं। जिसके चलते नगर पालिका परिषद किच्छा का चुनाव बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। वहीं नगर पालिका परिषद सिरौली कलां में कांग्रेस और निर्दलीय के बीच चुनावी शह-मात का खेल जारी है।

कृपया प्रचार प्रसार के लिए संपर्क: संपादक – ऐजाज जर्नलिस्ट

NEWS 24 UKUP.COM

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment