लालकुआं नगर पंचायत के सीमा विस्तार की मांग को लेकर विधायक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री धामी से मिला शिष्टमंडल, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

लालकुआं नगर पंचायत के सीमा विस्तार की मांग को लेकर विधायक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री धामी से मिला शिष्टमंडल, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन


लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के सीमा विस्तार और आसपास की कॉलोनियों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शिष्टमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए नगर पंचायत लालकुआं सीमा विस्तार अथवा अलग नगर पंचायत के गठन की संभावनाओं पर उचित कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

यहां बता दें कि नगर पंचायत लालकुआं से सटे आसपास के कई क्षेत्रों के निवासी लंबे समय से अपने क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। इन क्षेत्रों में लाइनपार संजयनगर, राजीव नगर, बंगाली कॉलोनी, बजरी कंपनी और 25 एकड़ कॉलोनी सहित कई अन्य बस्तियां शामिल हैं। इन क्षेत्रों के निवासियों की मांग है कि उन्हें भी नगरीय क्षेत्र के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

वहीं नगर पंचायत के सीमा विस्तार अथवा पृथक नगर पंचायत के गठन को लेकर मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के बाद आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पर अब आगे कार्रवाई हो सकेगी। यदि प्रस्ताव पर अमल होता है, तो संबंधित क्षेत्रों को नगरीय सुविधाओं और बेहतर स्थानीय निकाय व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ सकता है।

इस दौरान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरूण जोशी, भाजपा अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार मौर्या, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, पूर्व सैनिक सुंदर सिंह खनका, समाजसेवी मुन्ना अंसारी, विकास गुप्ता मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment