ग्राफिक एरा की देवभूमि के गरीब छात्रों के लिए बड़ी पहल, नए शिक्षा सत्र से इंजीनियरिंग डिप्लोमा व होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण

ग्राफिक एरा की देवभूमि के गरीब छात्रों के लिए बड़ी पहल, नए शिक्षा सत्र से इंजीनियरिंग डिप्लोमा व मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण

रिपोर्ट : एम.युसुफ, नगर संवाददाता (मोबाइल : 8439927100)

हल्द्वानी। उत्तराखंड के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने बड़ी पहल की है। संस्थान ने नए शैक्षणिक सत्र से राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण देने की घोषणा की है।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने सोमवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी के परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है, लेकिन आर्थिक संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसे छात्रों को अवसर देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की पूर्व छात्रा मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन प्रदेश की प्रतिभा का प्रमाण है। मिनल नेगी ने सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक शिक्षक की बेटी मिनल नेगी ने सीमित संसाधनों के बावजूद ऑनलाइन माध्यम से तैयारी कर यह सफलता प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि मिनल नेगी की उपलब्धि से प्रेरित होकर ग्राफिक एरा ने देहरादून और हल्द्वानी में सिविल सेवा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसमें गरीब परिवारों के मेधावी युवाओं को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

इसके अलावा होटल उद्योग में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए देहरादून और हल्द्वानी में एक वर्ष का होटल मैनेजमेंट कोर्स भी निशुल्क कराया जाएगा। इसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी, जिससे प्रशिक्षित युवा सीधे बेहतर पदों पर नौकरी शुरू कर सकेंगे।

ग्राफिक एरा ने इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स भी आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए निशुल्क करने का निर्णय लिया है। देहरादून और भीमताल परिसरों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स कराए जाएंगे। चयनित छात्रों को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

डॉ. घनशाला ने कहा कि ग्राफिक एरा अपने दो विश्वविद्यालयों, चार परिसरों और मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय फैकल्टी के साथ उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है।

प्रेस वार्ता में निदेशक अवस्थापना/मीडिया प्रभारी डॉ. सुभाष गुप्ता, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक कर्नल एके नावर, डॉ. हिमानी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment