
विजिलेंस की बड़ी कार्यवाही, खनन मामले में रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार
हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री के परिवहन में अनावश्यक रोकटोक कर रिश्वत मांगने के आरोप में नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (रिवर बेड मैटेरियल) का कार्य करता है और सामग्री को स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाने का काम करता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह द्वारा वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा था तथा चालान और सीज करने की धमकी दी जा रही थी।
आरोप है कि कांस्टेबल द्वारा वाहनों को न पकड़ने तथा सामान्य रूप से चलाने की अनुमति देने के एवज में 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की गई। मामले की शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
टीम ने इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के तहत कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने आरोपी कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर का रहने वाला है। वर्तमान में वह थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात था और हल्द्वानी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।








