
बड़ी खबर: खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी, मोबाइल से जनसभा को किया संबोधित

रिपोर्ट: संवाददाता, ऊधम सिंह नगर।
पंतनगर/अल्मोड़ा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर आज गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचे हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण वो अल्मोड़ा नहीं जा सके और उन्होंने मोबाइल से जनसभा को सम्बोधित किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। दिल्ली से विशेष विमान के माध्यम से पहुंचे राहुल गांधी का एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता खासे उत्साहित दिखाई दिए।

पंतनगर एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी और मंगलौर विधायक कारी मोइनुद्दीन ने राहुल गांधी को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए और उनका अभिवादन किया।

वहीं मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी ने अल्मोड़ा में आयोजित पूर्व सैनिकों के एक विशेष कार्यक्रम को मोबाइल से संबोधित किया। राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों से पंतनगर से ही मोबाइल पर संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस पूर्व सैनिक समुदाय के साथ अपने संवाद को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

वहीं राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के मद्देनजर कांग्रेस नेतृत्व लगातार राज्य में सक्रिय नजर आ रहा है। दो दिन के इस प्रवास के दौरान राहुल गांधी विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।









