अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी लालकुआँ आँचल डेयरी, एफएओ व इंग्लैंड के प्रतिनिधियों ने की कार्यप्रणाली की सराहना
रिपोर्ट : एम. युसुफ, नगर संवाददाता
लालकुआँ। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल दुग्धशाला लालकुआँ ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने डेयरी प्लांट का दौरा कर यहां की आधुनिक व्यवस्थाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और सहकारी मॉडल की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल में इंग्लैंड से आए प्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिन्होंने डेयरी की कार्यप्रणाली में विशेष रुचि दिखाई।
इस दौरान टीम ने डेयरी प्लांट में दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की पूरी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आँचल डेयरी में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता के उच्च मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि यह संयंत्र आसपास के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों से जुड़ा हुआ है और सहकारी मॉडल के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराया जा रहा है। डेयरी में स्थापित आधुनिक मशीनरी के जरिए दूध की जांच, प्रसंस्करण और पैकेजिंग पूरी तरह वैज्ञानिक पद्धति से की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं तक शुद्ध और सुरक्षित दुग्ध उत्पाद पहुंचते हैं।
एफएओ टीम ने संयंत्र की साफ-सफाई व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और दुग्ध प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों की सराहना की। टीम के सदस्यों ने कहा कि सहकारी ढांचे पर आधारित यह मॉडल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने भी डेयरी के सहकारी मॉडल और दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था को करीब से समझा और इसे किसानों के हित में एक प्रभावी पहल बताया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुपालकों को तकनीकी सहयोग देने और उन्हें अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर पशु आहार निर्माण शाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।








