बिन्दुखत्ता में माले कार्यकर्ताओं का खाली गैस सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन, कहा गैस संकट के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार

बिन्दुखत्ता में माले कार्यकर्ताओं का खाली गैस सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन, कहा गैस संकट के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार

लालकुआं। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन करते हुए गैस संकट के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कार रोड चौराहा बिन्दुखत्ता पर सरकार का पुतला दहन किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता को भरोसा दिलाया था कि गैस, तेल के संकट का देश की जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि हमारे पास पर्याप्त भंडार मौजूद हैं। लेकिन चंद दिनों में ही रसोई गैस को लेकर पूरे देश में हाहाकार मच गया है। जिसने सरकार के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है।

भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, रसोई गैस के संकट ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मोदी सरकार की ऊर्जा नीति पूरी तरह कॉरपोरेट-परस्त और जनविरोधी है। उन्होंने कहा बीते वर्षों में सरकार ने तेल-गैस क्षेत्र में सार्वजनिक उपक्रमों की भूमिका को कमजोर किया है और निजी कंपनियों को खुली छूट दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी ग्रुप जैसे बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुँचाने के लिए नीतियाँ बनाई गईं, जिससे आम लोगों को महँगाई और ऊर्जा असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं किशन बघरी ने कहा कि, रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। गैस सिलेंडर के लिए लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं। तथाकथित कल्याणकारी योजनाओं के बावजूद बड़ी संख्या में परिवार सिलेंडर भरवाने में असमर्थ हैं और फिर से पारंपरिक ईंधनों की ओर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदेह बताया।

विमला रौथाण ने कहा कि, ऊर्जा प्रदेश उत्तराखण्ड में गैस की आपूर्ति बुरी तरह चरमराई हुई है, वहीं दूसरी तरफ बिजली भी कई-कई घंटों तक गायब रहती है। उन्होंने सरकार से रसोई गैस और पेट्रोल व डीजल पर लगाए गए भारी करों में तुरंत कटौती करने की मांग की। साथ ही कहा सरकार तेल-गैस क्षेत्र में सार्वजनिक उपक्रमों को मजबूत करे और निजी एकाधिकार पर रोक लगाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

कार्यक्रम में डॉ. कैलाश पाण्डेय, किशन बघरी, पुष्कर दुबड़िया, विमला रौथाण, गोविंद जीना, आनंद दानू, नैन सिंह कोरंगा, प्रमोद कुमार, वीरभद्र भंडारी, गोपाल गड़िया, उमेश बैठा, गोलू, अजय पाल, भगवती, आयशा आदि शामिल रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment