
हल्द्वानी में खनन कारोबारी ने खुद को गोली से उड़ाया, परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी। हल्द्वानी के चोरगलिया थाना क्षेत्र
में एक खनन कारोबारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक कमलेश बेलवाल हल्द्वानी के गजेपुर गांव में अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। सोमवार देर रात घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। विवाद के कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
फायर की आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े, जहां कमलेश बेलवाल खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके पास उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी पड़ी थी। परिजन उन्हें आनन-फानन में हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।









