
10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा घबराने की जरूरत नहीं
देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम एक बार फिर से बढ़ा दिए गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह ईंधन के नए रेट जारी करते हुए पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता पर महंगाई का दबाव और अधिक बढ़ गया है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है, जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था। लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण बीते 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 5 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि डीजल की नई कीमत 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
इस बीच कुछ दिन पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही थी। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बेवजह परेशान न होने की अपील भी की गई थी।









