
बड़ी खबर : कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद, 25 दिन के बाद होगी घरेलू गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग
लालकुआं। सुरुचि इंडेन गैस सर्विस लालकुआं के प्रबंधक ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, आपूर्ति पूर्व की तरह सुचारु रूप से जारी रहेगी। एजेंसी ने उपभोक्ताओं से गैस को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट न करने की अपील की है।
सुरुचि इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक जीवन सिंह के मुताबिक गैस की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी। उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक सिलेंडर लेने के बाद उपभोक्ता 25 दिन के बाद ही दोबारा बुकिंग करा सकेंगे।
एजेंसी प्रबंधक ने कहा जब तक कंपनी या सरकार की ओर से कोई नया आदेश जारी नहीं होता, तब तक वर्तमान व्यवस्था के अनुसार ही गैस वितरण किया जाएगा।
खाद्य पूर्ति निरीक्षक लालकुआं मोहित कठायत ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से फिलहाल कमर्शियल (19 किलो) गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद है, जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।









