नैनीताल: हरेला पर दिखी प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, हजारों पौधों का हुआ रोपण

नैनीताल: हरेला पर दिखी प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, हजारों पौधों का हुआ रोपण

उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर नैनीताल जिले में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, ग्राम पंचायत और वन पंचायतों तक हजारों पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान लोगों ने सिर्फ पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।

कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल कमिश्नरी परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए हर व्यक्ति से अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति की रक्षा के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

वहीं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अधिकारियों को मानसून के दौरान तय लक्ष्य से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सार्थक करने के लिए जनपद नैनीताल की कोतवाली काठगोदाम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने समस्त जनपद वासियों एवं पुलिस परिवार को लोक-संस्कृति व प्रकृति के पावन प्रतीक ‘हरेला’ की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संदेश दिया कि ”हरियाली है तो हम हैं” उत्तराखंड की संस्कृति का मूल आधार प्रकृति है। आज के तीव्र विकास के दौर में ’विकास और पर्यावरण’ के बीच संतुलन बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में भीमताल विकास भवन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

वन, कृषि, उद्यान, भेषज, सहकारिता और ग्राम्य विकास विभागों के सहयोग से पूरे जिले में यह अभियान जारी है। हरेला पर्व पर हुए इस जन अभियान ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामुदायिक सहभागिता का मजबूत संदेश दिया।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment