लालकुआं में बंदरों का आतंक, लंगूर की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

लालकुआं में बंदरों का आतंक, लंगूर की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

लोगों में दहशत का माहौल, शासन-प्रशासन से बंदरों और आवारा जानवरों को पकड़ने की मांग

रिपोर्ट: नगर संवाददाता।

लालकुआं। लालकुआं में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति को अचानक भागते हुए आए लंगूर ने जोरदार टक्कर मार दी। सिर के बल सड़क में गिरने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं स्थानीय जनता में हिंसक हो चुके बंदरों, लंगूरों और आवारा जानवरों को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र वासियों ने शासन-प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन गए आवारा जानवरों को तुरंत पकड़ने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह तड़के लालकुआं के राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी मोहम्मद इदरीश उम्र 69 वर्ष अपने मित्रों के साथ डॉर्बी फील्ड में मॉर्निंग वॉक को जा रहे थे, तभी जवाहर नगर वार्ड नंबर 3 वाली सड़क में पीछे की ओर से तेज गति से आए एक लंगूर (बंदर) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, विशालकाय बंदर की जबरदस्त टक्कर से वह सड़क में सिर के बल गिर गए, आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मोहम्मद इदरीश सेंचुरी पेपर मिल से वर्ष 2015 में सेवानिवृत हो चुके थे, उनके परिवार में एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं, उक्त घटना से जहां उनके परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद लालकुआं नगर समेत आसपास के निवासियों ने शासन, प्रशासन और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से आबादी क्षेत्र में आतंक बनकर घूम रहे बंदरों, लंगूरों और आवारा जानवरों को तुरंत पकड़ने का अभियान चलाने की जोरदार मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बंदर और लंगूर रोजाना आबादी क्षेत्र में आकर उत्पात मचा रहे हैं, खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं, जिससे अब लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने शासन-प्रशासन और वन विभाग ने आबादी क्षेत्र में आतंक फैला रहे इन हिंसक वन्यजीवों को जल्द पकड़ने और उन्हें आबादी क्षेत्र से दूर छोड़ने की जोरदार मांग की है।

गौरतलब हो कि लालकुआं नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में बंदर और आवारा जानवरों का आतंक जारी है, जिसके कारण लोग परेशान हैं। वन क्षेत्र से बड़ी तादाद में आकर बंदर आबादी क्षेत्र में रोजाना उत्पात मचा रहे हैं। बंदर घरों में रखे सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही लोगों खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमलावर हो रहे हैं। वहीं यहां आवारा कुत्तों समेत जानवरों की बढ़ती तादाद भी लोगों की परेशानी का बड़ा सबब बन रही है।

ऐसे में अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन और वन विभाग आबादी क्षेत्र में घुसकर आतंक का पर्याय बन चुके हिंसक वन्यजीवों तथा आवारा जानवरों की धरपकड़ का अभियान कब चलाता है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment