लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में हाईवे 109 पर दो बाइक सवार महिलाओं से लूटपाट, सरेशाम हुई घटनाओं से लोगों में डर का माहौल

लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में हाईवे 109 पर दो बाइक सवार महिलाओं से लूटपाट, सरेशाम हुई घटनाओं से लोगों में डर का माहौल

लालकुआँ। नेशनल हाईवे 109 पर लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में सरेशाम हुई लूटपाट की दो घटनाओं से हाईवे पर आवागमन करने वालों में डर का माहौल है। गत शाम को हल्द्वानी से बाइक द्वारा लालकुआँ की ओर को आ रहे तथा लालकुआँ से खरीदारी करने हल्द्वानी को बाइक से जा रहे दो परिवारों पर रास्ते में बाइक सवार झपटमार युवकों ने बैग झपट लिए और उसमें रखे हजारों रुपए की नगदी एवं मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गए।

नेशनल हाईवे 109 पर लालकुआँ और हल्द्वानी के बीच लूटपाट की एक घटना बबूर गुमटी के समीप हुई, जबकि दूसरी अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने की बताई जा रही है। दोनों घटनाओं की सूचना पीड़ित परिवारों द्वारा लालकुआँ कोतवाली पुलिस को दे दी गई है, लेकिन दोनों मामलों में अभी तक मुकदमे दर्ज नहीं हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक गत शाम लालकुआँ से हल्द्वानी को बाइक द्वारा नगर के मोबाइल शॉप दुकानदार सलीम खान अपनी पत्नी एवं चार साल की बच्ची को लेकर खरीदारी करने हल्द्वानी को जा रहे थे, वह आईओसी डिपो से कुछ आगे पहुंचे ही थे, तभी पीछे की ओर से आए बाइक सवार युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के कंधे में लटका बैग लूट लिया। झपट्टा इतनी तेज मारा कि चलती बाइक से उनकी पत्नी और बच्ची गिरते गिरते बचे, यह घटना इतनी तेजी से घटित हुई कि बाइक सवार सलीम को एकाएक पता ही नहीं चला, जैसे ही बैग लूटे जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने लुटेरों के पीछे बाइक भी दौड़ाई, किंतु बाइक सवार बड़ी तेजी से भागे और उनकी आंखों से ओझल हो गए। इसके बाद उन्होंने हल्दुचौड़ पुलिस चौकी को इस घटना की सूचना दी।

वहीं दूसरी घटना में अपनी मां के साथ हल्द्वानी से बेरीपड़ाव एवरग्रीन स्कूल के समीप रहने वाला युवक बाइक से आ रहा था, जैसे ही वह महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उसकी मां के कंधे से पर्स खींच लिया और रफूचक्कर हो गए। बाइक सवार युवक ने तत्काल हल्दूचौड़ पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक दोनों घटनाओं के पीड़ित युवक लालकुआँ कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, परंतु पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

वहीं लालकुआँ कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट का कहना है कि उन्हें दो स्थानों पर लूटमार की घटनाओं की सूचना मिली है, पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से घटना की सत्यता की जांच कर रही है।

इधर सरेशाम नेशनल हाईवे 109 में हुई लूटपाट की इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने पुलिस से हाईवे पर लगातार गश्त करने तथा दोनों घटनाओं का जल्द खुलासा कर बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment