नेशनल हाईवे 109 पर सफर हो रहा जानलेवा, 4 दिन में 4 मौतों से लोगों में आक्रोश

नेशनल हाईवे 109 पर सफर हो रहा जानलेवा, 4 दिन में 4 मौतों से लोगों में आक्रोश

आए दिन सड़कें हो रही लाल, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार आखिर कब लेंगे संज्ञान

संपादक की कलम✍️ से

लालकुआं। नेशनल हाईवे 109 पर हल्द्वानी-लालकुआं के बीच सफर अब जानलेवा होता जा रहा है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण आए दिन हो रहे हादसों से सड़क खून से लाल हो रही है। विगत 4 दिनों में 4 लोगों की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।

चार दिन में चार हादसे, चार मौतें:

1. हल्दूचौड़ में 14 वर्षीय छात्रा की मौत:

हल्दूचौड़ में गायत्री शक्तिपीठ, HP पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को पीछे से रौंद दिया। हादसे में बंडिया, किच्छा निवासी 14 वर्षीय प्रेरणा पुत्री सुरेन्द्र कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता सुरेन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती हैं। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।

2. बेरीपड़ाव में चौकीदार की मौत:

बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा मंदिर के पास सड़क पार कर रहे मोटाहल्दू निवासी 55 वर्षीय किशन चौधरी को लालकुआं की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कोतवाली लालकुआं में अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश कर रही है।

3. लालकुआं मुक्तिधाम कट पर युवक की मौत:

लालकुआं में मुक्तिधाम कट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से राजीव नगर, बिन्दुखत्ता निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार कर्नाटक की मौत हो गई।

4. अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत:

ताजा हादसे में नेशनल हाईवे-109 पर ही रविवार को अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार मोटाहल्दू के ग्राम भवान सिंह नवाड़ निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह पवार को टक्कर मार दी, बताया जा रहा है कि युवक लालकुआं वीआईपी गेट से कुछ पहले रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक्सीडेंट जोन बना नेशनल हाईवे-109:

स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्द्वानी से लेकर पंतनगर बायपास तक करीब 20 किमी का यह क्षेत्र अब एक्सीडेंट जोन में तब्दील होता दिखाई दे रहा है।

कारण स्पष्ट हैं: डंपरों व भारी वाहनों की ओवरस्पीडिंग, जगह-जगह बने अवैज्ञानिक कट, स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और फुट ओवरब्रिज का न होना। रात में अंधेरे के कारण हादसों का खतरा और भी बढ़ जाता है।

पुलिस क्या कहती है:

कोतवाली लालकुआं पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। अज्ञात वाहनों की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और डंपर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोगों की मांग:

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तीनपानी, गोरापड़ाव, बेरीपड़ाव, हल्दूचौड़ और लालकुआं मुक्तिधाम कट पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, हाईमास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और रिफ्लेक्टर बोर्ड लगाए जाएं तथा भारी वाहनों की गति और समय सीमा निर्धारित की जाए। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई मौतों के बाद भी स्थानीय जनप्रतिनिधि और नेशनल हाईवे ऑथोरटी तथा प्रशासन के जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने में नाकाम साबित होते दिखाई दे रहे हैं।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment