
एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति का किच्छा कोतवाली में औचक निरीक्षण, जनसंवाद में सुनीं समस्याएं

किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कोतवाली किच्छा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों की स्थिति और जन-शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात एवं मेस का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, स्वच्छता बनाए रखने तथा शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण साक्ष्यों के आधार पर पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध किया जाए। गंभीर मामलों को प्राथमिकता देने और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षण के बाद कोतवाली परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, यातायात व्यवस्था में सुधार और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। एसएसपी अजय गणपति ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।









